
हिमाचल किसान सभा के 17वें मंडी जिला सम्मेलन में नई कमेटी का गठन, कुशाल भारद्वाज प्रधान और भूपेंद्र सिंह सचिव चुने गए
आपकी खबर, ब्यूरो।
मंडी, 25 सितंबर। हिमाचल किसान सभा मंडी जिला का 17वां सम्मेलन सौली खड्ड, मंडी में आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता कुशाल भारद्वाज, महेंद्र राणा, जगमेल ठाकुर, प्रेम चौधरी और रीता देवी ने संयुक्त रूप से की। सम्मेलन का उद्घाटन किसान सभा के राज्य महासचिव एवं पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने किया।

अपने संबोधन में राकेश सिंघा ने केंद्र और राज्य सरकार की किसान नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को मिलने वाली सहायता लगातार कम की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसान-बागवान विरोधी नीतियों के चलते खेती करना घाटे का व्यवसाय बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बड़ी मात्रा में भूमि वन भूमि के अंतर्गत आती है। किसान सभा की मांग है कि गरीब किसानों को पांच बीघा भूमि उपलब्ध करवाई जाए तथा लंबे समय से उनके कब्जे में रही भूमि को उनके नाम किया जाए।
राकेश सिंघा ने फोरलेन, राष्ट्रीय राजमार्गों और विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिग्रहित की जा रही जमीन का उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा है और परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं को पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
सम्मेलन में बंदरों, अन्य जंगली जानवरों और आवारा पशुओं की समस्या का भी मुद्दा उठाया गया। किसान सभा ने इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ठोस नीति बनाए जाने की मांग की। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।
नवनिर्वाचित जिला प्रधान कुशाल भारद्वाज ने कहा कि वर्तमान में घरों में लगाए जा रहे स्मार्ट बिजली मीटरों की प्रक्रिया को रोकने तथा बिजली क्षेत्र के निजीकरण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान सभा जनता से जुड़े दैनिक और ज्वलंत मुद्दों को लेकर भी लगातार अभियान चलाएगी।
उन्होंने दूध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा किसानों के दूध की खरीद के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
सम्मेलन में हिमाचल किसान सभा मंडी जिला की 31 सदस्यीय नई जिला कमेटी का चुनाव किया गया। इसमें जोगिंदर नगर के कुशाल भारद्वाज को पुनः जिला प्रधान, धर्मपुर के भूपेंद्र सिंह को सचिव तथा बल्ह के जोगिंदर वालिया को कोषाध्यक्ष चुना गया।
उपाध्यक्ष पद पर धर्मपुर के करतार सिंह चौहान, बल्ह के प्रेम चौधरी, सुंदरनगर के जगमेल ठाकुर और बालीचौकी के महेंद्र राणा को जिम्मेदारी दी गई।
सह सचिव के रूप में सुंदरनगर के रामजी दास, सराज के बिहारी लाल, चौतड़ा के रविंद्र कुमार और बालीचौकी के इंद्र सिंह को चुना गया। वहीं दो महिला सदस्यों को बाद में सचिवालय सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा।
जिला कमेटी के सदस्यों के रूप में धर्मपुर से मिलाप चंदेल, राजेंद्र पाल, रीता देवी और सपना देवी; जोगिंदर नगर से बलदेव सिंह, सुदर्शन वालिया, धर्मचंद और लाभ सिंह; सुंदरनगर से कपूर सिंह और लीलाधर; बल्ह से नंदलाल वर्मा और गंगा राम तथा बालीचौकी से हीरा लाल सहित अन्य सदस्यों का चयन किया गया।
सम्मेलन में आगामी 13 और 14 अक्टूबर को रामपुर में आयोजित होने वाले हिमाचल किसान सभा के राज्य सम्मेलन में मंडी जिला की ओर से भाग लेने के लिए 30 प्रतिनिधियों का भी चयन किया गया। किसान सभा ने सम्मेलन के माध्यम से किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आगामी समय में संगठनात्मक गतिविधियों और जनअभियानों को तेज करने का निर्णय लिया।
