कांगड़ा में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान: जिलाध्यक्षों को मिला संगठन मजबूत करने का मंत्र
‘हर कार्यकर्ता को नई दिशा देगा अभियान’ — कांगड़ा शिविर में बोले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू
मनरेगा बंद करने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस का श्रमदान अभियान, कांगड़ा में जुटे हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के नेता
आपकी खबर, ब्यूरो।
धर्मशाला/कांगड़ा, 28 अप्रैल। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को कांगड़ा में आयोजित कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। इस शिविर में हिमाचल प्रदेश, जम्मू एंड कश्मीर तथा पंजाब के जिलाध्यक्षों और संगठन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की एक सशक्त पहल है। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रत्येक कार्यकर्ता को नई दिशा और ऊर्जा देने का काम करेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विश्वास जताया कि प्रशिक्षण शिविर के बाद सभी जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान राहुल गांधी के संगठन सशक्तिकरण के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शिविर के दौरान जिलाध्यक्षों और कांग्रेस पदाधिकारियों ने धर्मशाला के खोली पंचायत क्षेत्र में श्रमदान भी किया। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना को बंद करने के फैसले के खिलाफ लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा जैसी योजनाएं ग्रामीण गरीबों और मजदूर वर्ग के लिए जीवनरेखा हैं और इन्हें कमजोर करना गरीबों के अधिकारों पर सीधा हमला है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि गरीबों और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जनहित से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक करें और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएं।
इस अवसर पर सचिन राव, विनय कुमार सहित कांग्रेस संगठन के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने के साथ-साथ जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए तैयार किया जा रहा है। आने वाले समय में इस तरह के प्रशिक्षण शिविर अन्य जिलों में भी आयोजित किए जाएंगे।
