अनाडेल में डॉ. आंबेडकर जयंती पर विशेष सेमिनार, समाज को दिशा देने वाले विचारों पर हुआ मंथन
प्रो. चमन लाल बंगा मुख्य वक्ता, स्वामी तनमहिमानंद रहे विशिष्ट अतिथि, 200 से अधिक लोगों ने लिया भाग
आपकी खबर, ब्यूरो।
राजधानी शिमला के अनाडेल क्षेत्र में मंगलवार को सद्भावना फाउंडेशन द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में प्रोफेसर चमन लाल बंगा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में डॉ. आंबेडकर के जीवन मूल्यों और उनके विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर के विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और हर व्यक्ति को उनके जीवन और विचारों का अध्ययन करना चाहिए।
कार्यक्रम में स्वामी तनमहिमानंद ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संस्कारी शिक्षा के माध्यम से ही देश के भविष्य के नागरिकों का सशक्त निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को नैतिक मूल्यों को अपनाने और समाज के प्रति जिम्मेदार बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रीना देवी, गणेश, अजय सूद, उधम गुलरिया, अमर, लेखराज और भुवनेश्वर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों ने भाग लेकर डॉ. आंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
सेमिनार के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए समाज में समानता, शिक्षा और जागरूकता के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की।
