कांग्रेस का ‘पोस्ट कार्ड टू पीएम’ अभियान शुरू, महिला आरक्षण लागू करने की उठाई मांग
अलका लांबा ने पीएम मोदी को भेजा पोस्ट कार्ड, लोकसभा में तुरंत महिला आरक्षण लागू करने की मांग
महिलाओं के अधिकारों को लेकर महिला कांग्रेस का देशव्यापी अभियान, OBC महिलाओं को आरक्षण में शामिल करने की मांग
आपकी खबर, ब्यूरो।
नई दिल्ली, 23 अप्रैल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महिला इकाई ने वीरवार को राजधानी नई दिल्ली में ‘पोस्ट कार्ड – प्रधानमंत्री के नाम’ अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के माध्यम से देशभर की महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पोस्ट कार्ड भेजकर महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग करेंगी।
अभियान की शुरुआत महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने प्रधानमंत्री को पोस्ट कार्ड भेजकर की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए महिला आरक्षण को बिना किसी देरी के लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण को लेकर केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर इसे लागू करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
महिला कांग्रेस ने अपनी मांगों को स्पष्ट करते हुए कहा कि महिला आरक्षण में OBC वर्ग की महिलाओं को भी शामिल किया जाना चाहिए ताकि सामाजिक न्याय सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही संगठन ने मांग की कि लोकसभा की सभी 543 सीटों पर महिला आरक्षण तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।
अलका लांबा ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिए बिना लोकतंत्र पूर्ण नहीं हो सकता। महिला कांग्रेस ने दावा किया कि यह अभियान देशभर में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा और लाखों महिलाएं पोस्ट कार्ड के जरिए अपनी आवाज प्रधानमंत्री तक पहुंचाएंगी।
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे पर अब देश की महिलाएं चुप नहीं बैठेंगी और सरकार पर महिला आरक्षण लागू करने के लिए लगातार दबाव बनाया जाएगा।
