
RCFC बचाओ संघर्ष समिति की भूख हड़ताल 40वें दिन में, जोगिंदर नगर में आंदोलन जारी
आपकी खबर, ब्यूरो।
जोगिंदर नगर, 28 सितंबर। RCFC को जोगिंदर नगर से सोलन स्थानांतरित करने की नोटिफिकेशन को रद्द करने की मांग को लेकर चल रही RCFC बचाओ संघर्ष समिति जोगिंदर नगर की भूख हड़ताल सोमवार को 40वें दिन में प्रवेश कर गई। आंदोलन के तहत आज ग्राम पंचायत ऐहजू के प्रधान बलबीर वर्मा, उपप्रधान संजय भंगालिया, नेक राम वालिया और संसार चंद 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठे।
इससे पहले पिछले दिन भूख हड़ताल पर बैठे संघर्ष समिति के सलाहकार एवं सेवानिवृत्त डीएसपी ज्ञान चंद ठाकुर, नारायण सिंह थापा और इंद्र सिंह ठाकुर ने आज की टीम को माला पहनाकर अगले 24 घंटे के क्रम की जिम्मेदारी सौंपी।
इस दौरान संघर्ष समिति के महासचिव रोटेरियन अजय ठाकुर, उपाध्यक्ष कैप्टन लाभ सिंह धरवाल, सचिव कर्म चंद, पान सिंह, शुभ राय धरवाल, डॉक्टर शर्मा तथा संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संघर्ष समिति के महासचिव अजय ठाकुर ने कहा कि जनता का यह एकजुट आंदोलन निश्चित रूप से रंग लाएगा और जोगिंदर नगर का संस्थान जोगिंदर नगर में ही रहेगा। उन्होंने कहा कि संघर्ष समिति के आंदोलन से हर दिन नए लोग जुड़ रहे हैं।
अजय ठाकुर ने कहा कि समिति को उम्मीद है कि RCFC को सोलन स्थानांतरित करने के संबंध में पहले जारी की गई नोटिफिकेशन को रद्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के रवैए को लेकर जोगिंदर नगर के साथ-साथ कांगड़ा, मंडी, चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों की जनता में भी आक्रोश है।
संघर्ष समिति के सलाहकार ज्ञान चंद ठाकुर ने कहा कि जब तक RCFC को स्थानांतरित करने की नोटिफिकेशन रद्द नहीं की जाती, तब तक जनता का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सत्ता से जुड़े जो नेता इस संघर्ष से दूरी बनाए हुए हैं, जनता उन्हें भी इसका जवाब देगी।
संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज ने कहा कि समिति और जनता की मांग स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि RCFC को जोगिंदर नगर से स्थानांतरित करने की नोटिफिकेशन रद्द करवाने से कम उन्हें कुछ भी मंजूर नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर संघर्ष समिति और क्षेत्र की जनता दृढ़ता के साथ आंदोलन जारी रखे हुए है। भूख हड़ताल के 40वें दिन में प्रवेश करने के साथ संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी प्रमुख मांग पर निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
