हिमाचल राज्यसभा चुनाव 2026: नैतिकता से ही जीतेंगे चुनाव, मंत्री जगत सिंह नेगी का बड़ा बयान
कहा – अनैतिक या गैर-लोकतांत्रिक तरीके का सहारा नहीं लेगी कांग्रेस
Himachal Rajya Sabha Election: खरीद-फरोख्त की राजनीति पर नेगी का वार, बोले— लोकतंत्र से समझौता नहीं
आपकी खबर, शिमला।
23 फरवरी। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच हिमाचल प्रदेश के बागवानी, राजस्व और जनजातीय मंत्री जगत सिंह नेगी ने बड़ा बयान देते हुए साफ किया है कि कांग्रेस इस चुनाव में किसी भी तरह के अनैतिक या गैर-लोकतांत्रिक तरीके का सहारा नहीं लेगी। कांग्रेस के पास संख्या बल सबसे अधिक है। भाजपा इस चुनाव के बारे में सोच भी नहीं सकती।
मंत्री जगत सिंह नेगी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम न तो अनैतिक तरीके से जीतना चाहते हैं और न ही किसी को अनैतिक तरीके से जिताना चाहते हैं। लोकतंत्र में पारदर्शिता और नैतिकता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है और राज्यसभा चुनाव भी निष्पक्षता के साथ लड़ा जाएगा। नेगी ने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस के विधायक पूरी तरह एकजुट हैं। किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त या दबाव की राजनीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर विपक्ष इस तरह की राजनीति करता है तो जनता उसे जवाब देगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की राजनीति में अब इस तरह की परंपराओं के लिए कोई जगह नहीं है।
मंत्री ने बताया कि पार्टी स्तर पर राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर विचार-विमर्श जारी है और जल्द ही केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा के बाद नाम का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी सर्वसम्मति से मजबूत और योग्य उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी। सभी विधायक पार्टी लाइन के अनुसार मतदान करेंगे। कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव में उतरने के लिए तैयार है।
हिमाचल में राज्यसभा की इस सीट को लेकर सियासी हलचल बढ़ गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हैं। ऐसे में मंत्री जगत सिंह नेगी का यह बयान साफ संकेत देता है कि कांग्रेस नैतिकता और पारदर्शिता के मुद्दे को प्रमुखता देकर चुनावी मैदान में उतरना चाहती है।

