राज्यसभा में गूंजी हिमाचल की आवाज: अनुराग शर्मा ने ली शपथ, विकास का लिया संकल्प
अनुराग शर्मा बने हिमाचल के एकमात्र सांसद, संसद में उठाएंगे प्रदेश के अहम मुद्दे
शपथ के साथ ही अनुराग शर्मा का बड़ा ऐलान, हिमाचल के हितों की हर स्तर पर करेंगे पैरवी
आपकी खबर ब्यूरो।
शिमला। हिमाचल प्रदेश से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने वीरवार को संसद परिसर में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्हें उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद अनुराग शर्मा ने कहा कि वे संसद के दोनों सदनों में हिमाचल प्रदेश के एकमात्र सांसद के रूप में प्रदेश की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे। उन्होंने हिमाचल के हितों की रक्षा के लिए पूर्ण समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लेते हुए कहा कि केंद्र सरकार के समक्ष प्रदेश से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को प्रमुखता से रखा जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र से सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही, प्रदेश में लंबे समय से लंबित रेल, सड़क और अन्य आधारभूत ढांचा (इंफ्रास्ट्रक्चर) परियोजनाओं को गति देने के लिए संसद में प्रभावी ढंग से आवाज उठाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर अनुराग शर्मा ने अपने नामांकन के लिए कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे तथा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
अनुराग शर्मा ने कहा कि उनके नामांकन से कांग्रेस पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है, जिससे प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूती मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग से हिमाचल के विकास और जनहित के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा।
