‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत कच्ची घाटी में महिला मोर्चा ने किया पौधरोपण
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, शिमला ग्रामीण महिला मोर्चा ने लगाए पौधे
कच्ची घाटी में वृक्षारोपण अभियान आयोजित, सुरेश भारद्वाज बोले—प्रकृति संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 2 अगस्त। प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत भाजपा शिमला ग्रामीण महिला मोर्चा द्वारा रविवार को कच्ची घाटी में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिमला ग्रामीण महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष रमा ठाकुर ने की। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ समाजसेवी रवि मेहता, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना शर्मा, महामंत्री अनीता, प्रदेश महिला मोर्चा की श्रीमती प्रेम चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर, शिमला ग्रामीण महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखरेख करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण मिल सकता है।
मुख्य अतिथि सुरेश भारद्वाज ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति सम्मान और अपनी मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही रमा ठाकुर ने कहा कि महिला मोर्चा भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनहित से जुड़े ऐसे सामाजिक अभियानों को निरंतर चलाता रहेगा। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
