अंतरराष्ट्रीय मादक निवारण दिवस पर शिमला में ‘खेल संगम’, युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
आरएसएस शताब्दी वर्ष: फागली के नाभा मैदान में खेल संगम, कबड्डी सहित कई प्रतियोगिताओं का आयोजन
खेलों के जरिए नशामुक्त समाज का संदेश, शिमला में आरएसएस ने आयोजित किया ‘खेल संगम’
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 27 जून। अंतरराष्ट्रीय मादक निवारण दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत शिमला में “खेल संगम” का आयोजन किया गया। फागली स्थित नाभा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान कबड्डी, रस्साकसी और शतरंज सहित कई इंडोर एवं आउटडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में लगभग 10 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। वहीं रस्साकसी और शतरंज प्रतियोगिताओं में भी बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना, अनुशासन और सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर नगर कार्यवाह मनोज ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का शताब्दी वर्ष पूरे देश में विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय मादक निवारण दिवस पर “खेल संगम” का आयोजन किया गया, ताकि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए खेल-कूद, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि समाज में अनुशासन, सहयोग, आत्मविश्वास और राष्ट्रभावना को भी सुदृढ़ करते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं तथा उन्हें स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
