शामलाघाट स्कूल में SMC की नई कार्यकारिणी का गठन
अमर चंद अध्यक्ष, ललिता को चुना उपाध्यक्ष
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 25 जून। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, शामलाघाट में नई शिक्षा नीति के तहत विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से अमर चन्द को समिति का अध्यक्ष तथा ललिता को उपाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में ग्राम पंचायत शामलाघाट के प्रधान यशपाल ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए विद्यालय और विद्यार्थियों के हित में लगन, समर्पण तथा सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या वीना गुप्ता ने की। उन्होंने अभिभावकों के साथ विद्यालय से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए अभिभावकों के सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यकारिणी के गठन के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।
