परिसीमन को लेकर पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला, देश को बांटने की राजनीति का आरोप
‘बांटो और राज करो’ कांग्रेस की पहचान: पीएम मोदी का विपक्ष पर तीखा प्रहार
महिला विरोधी गठबंधन के आरोप के साथ कांग्रेस पर भाजपा का निशाना
आपकी खबर, ब्यूरो।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे देश में भ्रम फैलाकर विभाजन की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब-जब देश को जोड़ने की बात होती है, तब-तब विपक्ष उसे बांटने की कोशिश करता है। पीएम मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में ये बातें कही।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का मूल चरित्र ‘बांटो और राज करो’ रहा है और आज भी वही मानसिकता उनके राजनीतिक व्यवहार में झलकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन जैसे संवेदनशील विषय पर झूठ और भ्रम फैलाकर विपक्ष देश की एकता को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है। कांग्रेस ने इस विधेयक को पास न कराकर भ्रूण हत्या की है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि देश की जनता अब इस तरह की राजनीति को समझ चुकी है और ऐसे प्रयासों को नकार रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य देश को मजबूत और एकजुट बनाना है, जबकि विपक्ष अपने राजनीतिक हितों के लिए समाज में दरार डालने का काम कर रहा है।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को ‘महिला विरोधी गठबंधन’ बताते हुए भी निशाना साधा। सोशल मीडिया पर #महिला_विरोधी_कांग्रेस, #AntiWomenAlliance और #MahilaVirodhiCongress जैसे हैशटैग के जरिए विपक्ष के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
