एसजेवीएन के बक्सर थर्मल पावर परियोजना की 660 मेगावाट, यूनिट -1 ने वाणिज्यिक प्रचालन सफलतापूर्वक हासिल किया
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 14 नवंबर। एसजेवीएन के निदेशक भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि एसजेवीएन ने शुक्रवार को 1320 मेगावाट (2×660 मेगावाट) बक्सर ताप विद्युत परियोजना की यूनिट-1 (660 मेगावाट) की वाणिज्यिक प्रचालन तिथि (सीओडी) सफलतापूर्वक हासिल कर ली है, जो राष्ट्र की विद्युत उत्पादन क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में कंपनी की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
गुप्ता ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए समस्त कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि यह सफलता न केवल एसजेवीएन की तकनीकी उत्कृष्टता को दर्शाती है, अपितु कर्मचारियों, ठेकेदारों और सभी हितधारकों के समर्पण और समन्वित प्रयासों को भी दर्शाती है।
अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक) ने सभी संबंधित टीमों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की तथा इस बात पर बल दिया कि यह उपलब्धि एसजेवीएन के दक्ष निष्पादन एवं उच्च-गुणवत्तापूर्ण परियोजना वितरण के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि एसजेवीएन की मज़बूत संगठनात्मक क्षमताओं एवं टीम वर्क का प्रमाण है।
सिपन कुमार गर्ग, निदेशक (वित्त) ने कहा कि यूनिट-1 के कमीशन होने से एसजेवीएन का विद्युत उत्पादन पोर्टफोलियो और अधिक सुदृढ़ होगा तथा भारत के सतत ऊर्जा विकास में योगदान देने वाली विविधमुखी ऊर्जा कंपनी के रूप में इसकी स्थिति मजबूत होगी।

