जुब्बल पहुंचे रोहित ठाकुर, निर्माणाधीन कार्यस्थल का किया निरीक्षण, कहा विकास कार्यों में नहीं छोड़ेंगे कोई कसर
बोले, खड़ापत्थर, गिरी गंगा सड़क को 6 करोड़ 46 लाख रुपए की लागत से पक्का किया गया
पर्यटन की दृष्टि से यह क्षेत्र विकसित होगा, पर्यटकों को मिलेगी सुविधा
आपकी खबर, ब्यूरो।
जुब्बल, 2 जनवरी। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को उपमण्डल जुब्बल में दो विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया।
जुब्बल के समीप डकैड़ में निर्माणाधीन शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (SIEMAT) के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्थान जुब्बल क्षेत्र में बनने वाला एक बड़ा और महत्वपूर्ण संस्थान है, जहाँ पर आने वाले समय में प्रदेश और देश भर से शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे, जिससे शिक्षा का आधारभूत ढांचा मज़बूत होगा और शिक्षा का स्तर बेहतर होगा।
इस संस्थान के निर्माण पर 17 करोड़ रुपए का व्यय किया जा रहा है, जो “हिमुडा” द्वारा किया जा रहा है।

शिक्षा मंत्री ने निर्माण कार्य को निश्चित समयावधि में पूरा करने के निर्देश भी दिये। इसके उपरांत शिक्षा मंत्री ने खड़ापत्थर में 1 करोड़ 87 लाख रुपए से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें से एक स्वास्थ्य केंद्र बरथाटा (बटाड़गलू) का लोकार्पण किया जा चुका है।
ग्राम पंचायत पराली के प्रांगण में हुए एक समारोह में रोहित ठाकुर ने उपस्थित लोगों से कहा कि पराली पंचायत में भी अन्य पंचायतों की ही भांति सर्वांगीण विकास हुआ है। इसके अंतर्गत विभिन्न सड़कों और भवनों का निर्माण हुआ है। इसके अतिरिक्त इस क्षेत्र की प्रमुख सड़क खड़ा पत्थर पटसारी का उन्नयन कार्य 17 करोड़ 16 लाख रुपए से किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत इस सड़क की मेटलिंग और टारिंग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि गिरी गंगा जुब्बल क्षेत्र का एक पवित्र और दर्शनीय स्थल है। खड़ापत्थर, गिरी गंगा सड़क को 6 करोड़ 46 लाख रूपये की लागत से पक्का किया गया है। इस सड़क के बनने से स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सुविधा होगी और पर्यटन की दृष्टि से यह क्षेत्र विकसित होगा। साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत मडांन संपर्क मार्ग के लिए 2 करोड़ 96 लाख रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिसकी औपचारिकताओं को शीघ्र ही पूरा कर के कार्य आरम्भ कर दिया जायेगा।
इस अवसर पर जुब्बल नवार कोटखाई कांग्रेस मण्डल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, प्रधान ग्राम पंचायत पराली मीनाक्षी मजटा, पंचायत स्मिति सदस्य कोमल हांसटा, जुब्बल कांग्रेस जोन अध्यक्ष लोकपाल शरखोली, ब्लॉक कांग्रेस अनुसूची जाति के अध्यक्ष मुनि लाल नरसेठ, ग्राम पंचायत शिल्ली के प्रधान किरपा राम, पुर प्रधान शिल्ली लोकिंदर चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष जुब्बल नावर कोटखाई दीपक कालटा एवं साथ लगती पंचायतों के जन प्रतिनिधि, उपमंडलाधिकारी जुब्बल गुरमीत नेगी, बी डी ओ जुब्बल करण सिंह एस एच ओ जुब्बल चेतन चौहान, ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी हेमलता जोधटा एवं सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

