15 अगस्त पर सैवं में खिलेगा प्रकृति प्रेम का उत्सव, चलेगा ‘एक फूल मां के नाम’ अभियान, लगाए जाएंगे 200 से अधिक पौधे
आदर्श युवक मंडल सैवं की अनूठी पहल: मिनी फ्लावर गार्डन का उद्घाटन और स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम
जनसहयोग से सजेगा सैवं का मंदिर परिसर, ‘एक फूल माँ के नाम’ अभियान में लोगों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 4 अगस्त। जिले की ग्राम पंचायत नालदेहरा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आदर्श युवक मंडल सैवं, दुर्गा माता मंदिर परिसर सैवं नेरी में एक विशेष कार्यक्रम होगा। इस अवसर पर जनसहयोग से तैयार किए गए मिनी फ्लावर गार्डन का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही, नेहरू युवा केंद्र शिमला के सहयोग से स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
पूर्व प्रधान कपिल गांधी ने बताया कि इस वर्ष “एक फूल माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत मंदिर परिसर में 200 से अधिक फूलों के पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि कार्यक्रम में भाग लेने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपने घर से कम से कम एक फूल का पौधा या फूलों की कलम अवश्य लेकर आए, ताकि इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि आदर्श युवक मंडल सैवं ने स्थानीय लोगों के सहयोग से मिनी फ्लावर गार्डन का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है। अब इसके अंतिम चरण को भी जनसहयोग से पूर्ण कर 15 अगस्त को जनता को समर्पित किया जाएगा।
कपिल गांधी ने ग्राम पंचायत नालदेहरा सहित आसपास की सभी पंचायतों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, सामाजिक संगठनों तथा पर्यावरण प्रेमियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणादायी साबित होगा।
उन्होंने आदर्श युवक मंडल सैवं के सभी सदस्यों तथा अब तक सहयोग देने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
