गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर कलश यात्रा का शिमला में स्वागत, डॉ. बिंदल और जयराम ठाकुर ने किया अगुवाई
काशी से लाई गई पावन मिट्टी से सुशोभित राष्ट्रीय कलश यात्रा का शिमला ग्रामीण और शिमला में श्रद्धापूर्वक स्वागत
समरसता और मानवता का संदेश लेकर पहुंची राष्ट्रीय कलश यात्रा, भाजपा नेताओं ने किया भव्य स्वागत
आपकी खबर, ब्यूरो।
शिमला, 4 अगस्त। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन उपलक्ष्य में काशी (वाराणसी) की पवित्र धरा से लाई गई पावन मिट्टी से सुशोभित राष्ट्रीय कलश यात्रा का मंगलवार को शिमला ग्रामीण के शोघी तथा शिमला शहर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाज के गणमान्य लोग और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल तथा नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पावन कलश को अपने सिर पर धारण कर श्रद्धा अर्पित की और कृष्णा नगर स्थित वाल्मीकि मंदिर तक निकाली गई शोभायात्रा में सहभागिता की। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया तथा गुरु रविदास जी के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस मौके पर नेताओं ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। उनका जीवन सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। आज भी उनके विचार समाज को एकता, सद्भाव और सामाजिक न्याय की दिशा में प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं वर्तमान समय में भी उतनी ही प्रासंगिक हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समरस एवं समानतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। राष्ट्रीय कलश यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गुरु रविदास जी के आदर्शों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अभियान है।
